मलबे में मिले मां से लिपटे मासूमों के शव, प्रधान का पूरा परिवार दफन, पूरा गांव रोया

हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। हिमाचल में शुक्रवार रात कई परिवारों के लिए आसमान से बारिश आफत बनकर बरसी। मासूमों समेत कई लोग रात को नींद में ही मौत के आगोश में समा गए। इनमें मंडी का हादसा ऐसा था जो सबको रुला रहा है।

नाचन पंचायत के गांव झड़ोंन में यह हादसा हुआ। यहां शुक्रवार रात पंचायत प्रधान खेम सिंह पत्नी और बच्चों के साथ खाना खाने के बाद सो गए। देर रात 10 बजे अचानक मूसलाधार बारिश होने ली। घर पर कुल आठ लोग थे और सभी गहरी नींद में सोए थे।

अचानक घर पर पहाड़ गिर गया। सभी 8 लोग मलबे में दफन हो गए। हालत यह थी कि दो मंजिला मकान की सिर्फ छत सुबह मलबे में दिख रही थी। गांव के लोग तड़के सुबह ही मौके पर जुटने लगे लेकिन पहाड़ जैसा मलबा देख सबका मन टूट गया।

रेस्क्यू शुरू हुआ और गांव के साथ रिश्तेदार भी मौके पर पहुंचने लगे। शनिवार दिन के समय एक के बाद एक शव मलबे से निकलने लगे। इनमें मां से लिपटे बच्चों के शव जैसे ही मलबे से बाहर निकाले तो मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। इसे देख हर कोई रो पड़ा।

शाम को प्रधान के आंगन से एकसाथ आठ अर्थियां उठीं। पूरा गांव इस दर्दनाक घटना के बाद गमगीन है। हिमाचल में इस साल की यह सबसे दर्दनाक घटना मानी जा रही है। पंचायत प्रधान समेत उनके परिवार के आठ लोगों की मौत से गांव सदमे में है। ज्यादातर घरों में आज चूल्हे नहीं जले है।

हिमाचल: बादल फटने से सड़कें-घर हुए तबाह, बच्चों-पंचायत प्रधान समेत मलबे में मिले 11 शव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *