
हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। हिमाचल में शुक्रवार रात से जारी भारी बारिश से भारी तबाही हुई है। प्रदेश के सभी जिलों में मूसलाधार बारिश के कारण दर्जनों लोग लापता हो गए हैं। अब तक 11 लोगों के शव निकाले जा चुके है।
माना जा रहा है कि दशकों बाद प्रदेश में ऐसी भारी बारिश देखने को मिली है। आइए हम आपको जिलों का हाल बताते हैं।

मंडी– जिला मंडी में भारी तबाही हुई है। यहां कटौला-पराशर मार्ग पर बागी नाला में बादल फटने से आई बाढ़ ने भारी कहर बरपाया है। बाढ़ में एक पूरा परिवार लापता हो गया है।
दोपहर एक बजे तक मंडी के बागी में दो बच्चों के शव बरामद कर लिए गए है। गोहर में दो बच्चों और एक महिला का शव बरामद हुआ है। उधर नेरचौक में मलबे में दबे प्रधान और उनकी पत्नी का शव भी बरामद कर लिया गया है।
थुनाग बाजार में भी नाले की बाढ़ ने दर्जनों दुकानों और वाहनों को चकनाचूर कर दिया है। जिले में कई हाइवे बंद हो गए है।

सराज के काउली में 5 सदस्यों का परिवार दब गया है। द्रंग के सेगली में एक लड़की का शव मिला है। लोग मलबे में दबे हैं।
संदोआ गांव में एक परिवार के 6 लोग लापता बताए जा रहे हैं। कमांद के पास पहाड़ी से भारी भूस्खलन हुआ है।
चंबा-जिले में भारी बारिश के कारण चुवाड़ी क्षेत्र में मलबे में एक पूरा परिवार दब गया। यहां अब तक मलबे से पति पत्नी और इनके बेटे का शव बरामद हो गया है। रेस्क्यू का काम जारी है।

शिमला-जिला शिमला में भी बारिश के कहर से भारी नुकसान हुआ है। शिमला में आरटीओ कार्यालय के पास सड़क धंस गई है।
उधर, ठियोग पेटोल पंप पर चटटानें गिरने से कई गाड़ियां चकनाचूर हो गई हैं। फागू में भी गाड़ियों पर पत्थर गिरे हैं।

कांगड़ा- भारी बरसात होने के कारण यहां रेलवे चक्की पुल रात को बह गया है। कांगड़ा में स्कूलों में छुटिटयां कर दी गई है।