पांवटा रैली में नड्डा ने गिनाए पीएम मोदी के पांच संकल्प, सीएम बोले-जल्द दिलाएंगे एसटी का दर्जा

हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। सांसद और भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार ने कड़ी मेहनत, समर्पण और जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के बल पर हिमाचल को देश के अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित किया है।

जगत प्रकाश नड्डा शनिवार को सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत आयोजित एक कार्यक्रम में भारी जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर शानदार स्वागत के लिए सिरमौर जिलावासियों का आभार व्यक्त करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी और हिमाचल में जय राम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में भाजपा की सरकारें विकास तथा जनकल्याण के लिए अपने समर्पण एवं सक्रियता के कारण जनआकांक्षाओं पर पूरी तरह खरी उतरी हैं।

जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। जय राम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हिमाचल को देश का सबसे प्रगतिशील राज्य बनाने के लिए कृतसंकल्प है। जगत प्रकाश नड्डा ने प्रदेशवासियोें से आग्रह किया कि वे 76वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा लाल किले से देशवासियों को दिए गए पांच संकल्पों को आत्मसात करके राष्ट्र निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।

उन्होंने आगामी चुनावों के दृष्टिगत कांग्रेसी नेताओं पर प्रदेश की जनता को गुमराह करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से पांवटा साहिब में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी कोर्ट खोलने की घोषणा की। कहा कि सिरमौर जिले के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिलाने का मामला शीघ्र ही सुलझा लिया जाएगा ताकि इस समुदाय के लोग जनजातीय दर्जे से लाभान्वित हो सकें।

इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के लिए यह सौभाग्य की बात है कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल का नेतृत्व हिमाचल प्रदेश के धरती पुत्र कर रहे हैं। कहा कि लगभग हर पार्टी कार्यकर्ता की भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ कार्य करने की मधुर स्मृतियां है।

कहा कि पांवटा साहिब एक पवित्र और ऐतिहासिक शहर है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपने अस्तित्व के गौरवशाली 75 वर्ष मना रहा है और भारत आजादी के 75वें वर्ष को ष्आजादी का अमृत महोत्सवष् के रूप में मना रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्वतंत्रता संग्राम में देश के असंख्य लोगों के योगदान को स्मरण करने का अवसर है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि यह राज्य का सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते हैं और राज्य की विकासात्मक आवश्कताओं का हमेशा ध्यान रखते हैं।

कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव को राष्ट्रीयता की भावना से मनाने का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विचार वास्तव में महान लोगों द्वारा किए गए सर्वोच्च बलिदान के बारे में युवा पीढ़ी को शिक्षित करने के साथ.साथ भारत मॉं के महान सपूतों को सम्मान देने का एक सराहनीय प्रयास है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पौने पांच वर्षों के दौरान विकास के मामले में सिरमौर जिले को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि अब राज्य सरकार जिले के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिलवाकर इस भावनात्मक मुद्दे के समाधान के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि एक अरसे से लंबित इस मांग को केंद्र के आशीर्वाद से जल्द ही पूरा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बार.बार सरकार बदलने की परंपरा को खत्म करने तथा हिमाचल में विकास की तेज गति को बरकरार रखने के लिए लोगों से वर्तमान प्रदेश सरकार को भरपूर समर्थन देने का आग्रह भी किया।
हिमाचल को एक साथ कई मेडिकल कालेजए एम्स और पीजीआई का सैटेलाइट सेंटर स्वीकृत करवाने के लिए जगत प्रकाश नड्डा का धन्यवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश ने ऊंचे मुकाम हासिल किए हैं।

ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने अपने विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का स्वागत करते हुए क्षेत्र में क्रियान्वित की जा रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के सम्बन्ध में जानकारी दी। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा प्रदान करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *