रिकार्ड आठ चुनाव जीत चुके कांग्रेस के दिग्गज नेता की दहाड़, गलतफहमी में न रहें, हारते देखे हैं कई मुख्यमंत्री

हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। हिमाचल में विधानसभा चुनाव को लेकर जल्द घोषणा होने वाली है। भाजपा मिशन रिपीट का दावा कर रही है। सीएम जयराम ठाकुर भी मिशन रिपीट को लेकर आश्वस्त दिख रहे हैं लेकिन कांग्रेस भी पूरी तरह से तैयार है।

कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं पूर्व मंत्री कौल सिंह ने कहा है कि जयराम ठाकुर गलतफहमी में न रहें, उन्होंने कई सीएम चुनाव हारते देखे हैं। कौल सिंह रविवार को पधर के खेल मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार भ्रष्टाचार की दलदल में डूबी है।

महंगाई और बेरोजगारी से आम लोगों सहित युवा वर्ग भी हताश है। प्रदेश कर्ज के बोझ में दबा है। बावजूद इसके जयराम सरकार ने फिजूलखर्ची की सारी हदें पार कर दी हैं।

करोड़ों रुपये विज्ञापनों पर खर्चे जा रहे हैं। बड़े.बड़े होर्डिंग्स लगाकर सरकारी धन की बरबादी की जा रही है। जल जीवन मिशन के तहत सबसे बड़ा घोटाला सरकार के इस कार्यकाल में हुआ है।

कांग्रेस सरकार सत्ता में आते ही इसकी जांच करवाएगी। भाजपा सरकार के पांच साल के कार्यकाल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी बढ़ी है। प्रदेश में वर्तमान में डेढ़ लाख से अधिक पद विभिन्न विभागों में रिक्त हैं।

डीए और अन्य भत्ते देना तो दूर, सरकार को कर्मचारियों को वेतन देने के लाले पड़े हैं। चुनावों के समय में लोगों को गुमराह करने के लिए झूठी घोषणाएं सरकार कर रही है। कौल सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह के बाद वह प्रदेश में कांग्रेस के सबसे वरिष्ठ नेता हैं।

पार्टी के सभी पदों पर विराजमान अन्य नेताओं का सम्मान करते हैं। पार्टी पूरी तरह एकजुट है। कहा कि द्रंग की जनता ने उन्हें आठ बार विधायक चुनकर विधानसभा में भेजा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *