
हिमाचल रेडर टीम, शिमला।
हिमाचल में गिरिपार क्षेत्र को जनजातीय का दर्जा देने को लेकर अब हाटी समुदाय के सामने भीम आर्मी खड़ी हो गई है। हाटी समुदाय लगातार जनजातीय का दर्जा देने की मांग पर अड़ी है तो भीम आर्मी ने भी इसके खिलाफ लड़ाई छेड़ दी है।
हिमाचल के जिला सिरमौर के गिरिपार को जनजातीय दर्जा देने को लेकर भीम आर्मी भारत एकता मंच ने सोमवार को राजधानी शिमला में हल्ला बोला। इसमें हजारों लोग शामिल हुए।
आर्मी के अध्यक्ष चंद्रशेखर की अध्यक्षता में चौड़ा मैदान में मंच ने मांगों को सरकार के समक्ष रखा। चंद्रशेखर ने कहा कि सिरमौर के गिरिपार को जनजातीय दर्जा देने से इस इलाके के अनुसूचित जाति के लोगों के अधिकारों को छीन लिया जाएगा।
उन्होंने किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिले का उदाहरण देते हुए कहा कि इन दो जिलों में लोगों को अनुसूचित जाति का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने कहा कि सिरमौर में बीते एक साल में एट्रोसिटी एक्ट में करीब 105 मामले दर्ज किए गए हैं। अनुसूचित जनजाति का दर्जा मिलने के बाद इलाके के लोगों के अधिकार छीन लिए जाएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा देने के खिलाफ पैदल यात्राओं के जरिये आवाज बुलंद की जाएगी। अनिश्चितकाल धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा।