
हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। हिमाचल के मंडी के पधर की रहने वाली तनुजा सिंह भारतीय सेना में मेजर बन गई हैं। वह मंडी से पहली महिला हैं जिन्हें सेना में मेजर पद पर पदोन्नति मिली है।
तनुजा के पिता भारतीय सेना के सिग्नल कोर मे सेवाएं दे चुके थे। महज छह साल की उम्र में तनुजा ने अपने पिता को एक दुर्घटना में खो दिया था। तनुजा की मां रेखा कुमारी ने हार नहीं मानी और कड़े संघर्ष से दोनों बच्चों को बेहतरीन परवरिश और उच्च शिक्षा दिलाई।
मां ने अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए हमीरपुर और चंडीगढ़ में नौकरी की। वर्ष 2015 में तनुजा सिंह ने आईएनएचएस मुंबई में भारतीय सेना के मिलिट्री नर्सिंग सर्विस में बतौर लेफ्टिनेंट स्थायी कमीशन प्राप्त किया।
वर्ष 2017 में तनुजा सिंह ने कैप्टन के पद पर पदोन्नति प्राप्त की। वर्ष 2021 में कैप्टन तनुजा सिंह को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पूर्वी कमांड जनरल ऑफिसर कमांडिंग कमेंडेशन मेडल से सम्मानित किया गया।
तनुजा ने अपनी जमा दो की शिक्षा गुरुकुल स्कूल हमीरपुर से उत्तीर्ण की। आईएनएचएस मुंबई से स्नातक की पढ़ाई की। तनुजा के मेजर बनने पर दादा, दादी और परिवार के सदस्य बेहद खुश हैं। वर्तमान में मेजर तनुजा सिंह दिल्ली में कार्यरत हैं।
Source-amarujala.com