वोटिंग के दौरान आपस में भिड़ गए कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशी, वीडियो वायरल

हिमाचल रेडर न्यूज़ नेटवर्क। हिमाचल के सिरमौर जिले से बड़ी खबर आ रही है। यहां पांवटा साहिब निर्वाचन क्षेत्र की गोरखूवाला पंचायत के श्यामपुर पोलिंग बूथ पर भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी आपस में भिड़ गए।

दोनों के बीच खूब धक्का मुक्की हुई। इससे पोलिंग बूथ के बाहर माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। बताया जा रहा है कि भाजपा प्रत्याशी एवं निर्वतमान ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी के बार-बार पोलिंग बूथ पर जाने से दूसरे राजनीतिक दलों के समर्थक बिफर गए।

अब इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो में कांग्रेस प्रत्याशी किरनेश जंग और भाजपा प्रत्याशी सुखराम चौधरी एक-दूसरे से बहसबाजी और गाली-गलौज करते नजर आ रहे है।

सुखराम चौधरी गिरते-गिरते बच गए। हालांकि, अभी मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा है लेकिन दोनों प्रत्याशियों की सियासी जंग सार्वजनिक होने से माहौल भी पूरी तरह गरमा गया है। 

भाजपा प्रत्याशी सुखराम चौधरी ने कहा कि इस पोलिंग बूथ पर मतदान प्रक्रिया धीमी गति से चलते की सूचना मिल रही थी। इस वजह से वह पोलिंग बूथ पर पहुंचे थे।

कांग्रेस प्रत्याशी किरनेश जंग ने बताया कि सुखराम चौधरी के बार-बार पोलिंग बूथ पर जाने से कामकाज में रुकावट आ रही थी। इस कारण वह बूथ पर पहुंचे।

पुलिस के अनुसार मौके पर माहौल को शांत कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *