शैली के दम पर समरहिल के लाल दुर्ग में सेंध लगाएगी भाजपा

हिमाचल रेडर टीम, शिमला।

राजधानी में नगर निगम चुनाव से पहले सरगर्मियां तेज हो गई है। माकपा की शिमला नगर निगम में इकलौती पार्षद शैली शर्मा ने अब भाजपा का दामन थाम लिया है।

शनिवार को पंचायत भवन में हुए शिमला भाजपा के शहरी मंडल के एक कार्यक्रम के दौरान शैली ने भाजपा की सदस्यता हासिल की। शैली ने कुछ दिन पहले ही माकपा छोड़ दी थी।

अब भाजपा में शामिल होने के साथ ही कयास लगाए जा रहे हैं कि शैली भाजपा के टिकट पर इस बार समरहिल वार्ड से पार्षद पद के लिए चुनाव मैदान में उतरेंगी।

समरहिल में भाजपा का भी अभी तक कोई बड़ा दावेदार नहीं था। ऐसे में शैली की टिकट भी पक्की मानी जा रही है। लेकिन देखना रोचक होगा कि माकपा के गढ़ में शैली भाजपा का कमल खिला पाती है या नहीं।

समरहिल वार्ड माकपा का गढ़ रहा है। बीते तीन चुनावों में यहां से माकपा पार्षद ही विजेता रहे हैं। हालांकि, इसके पीछे एचपीयू बड़ा कारण है।

एचपीयू में पढ़ने वाले छात्र नगर निगम चुनाव में मतदान भी करते हैं। लेकिन इस बार दूसरे विधानसभा क्षेत्रों के वोटर बाहर हो जाएंगे। ऐसे में माकपा का यह वोट बैंक घट सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *