
हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। हिमाचल विधानसभा चुनावों के बीच अब नेताओं के ऑडियो और वीडियो भी खूब वायरल हो रहे है। जिला सिरमौर में भाजपा के पूर्व प्रत्याशी बलवीर सिंह के एक ऑडियो संदेश से रेणुकाजी क्षेत्र में सियासी घमासान मच गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो में वरिष्ठ भाजपा नेता गुपचुप तरीके से कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन देने की बात कह रहे हैं। रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र की ही एक महिला कार्यकर्ता से फोन पर 3 मिनट 38 सेकेंड की बातचीत में बलवीर ने कहा कि नारायण सिंह भाजपा के प्रत्याशी नहीं हैं।
वह हाटी के उम्मीदवार हैं। भाजपा के प्रत्याशी वे थे लेकिन उनका टिकट काट दिया। बातचीत के दौरान बलवीर ने महिला से यह भी अपील की है कि इस बार गुपचुप तरीके से वोट कांग्रेस को देना। इस बीच महिला बलवीर से पूछती है कि आप किसको वोट दे रहे हैं।
बलवीर ने कहा कि मेरा वोट भी कांग्रेस को ही है। महिला से यह भी कहा कि दिखावा ऐसा करना की आप भाजपा के लिए काम कर रहीं हैं लेकिन समर्थन कांग्रेस का करना।
आखिर में बलवीर सिंह ने महिला से आग्रह भी किया कि फोन के बारे में किसी को मत बताना। इस ऑडियो के बाद रेणुकाजी में भाजपा भी हरकत में आ गई है। बलवीर को पार्टी से निष्कासित करने की मांग ने जोर पकड़ लिया है।
बलवीर सिंह ने माना कि ऑडियो उनका है। ये नामांकन से पहले का है जब उनका टिकट कटा। गुस्से में ये शब्द कहे थे। बाद में उन्होंने भाजपा की नौहराधार में चुनावी जनसभा में हिस्सा लिया जहां उन्होंने नारायण को वोट देने की अपील की है। वह पार्टी के साथ हैं।