मोदी रैली से पहले कांग्रेस में उथल पुथल, कई नेताओं के इस्तीफे, शिमला पहुंची प्रियंका

हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से ठीक एक दिन पहले हिमाचल कांग्रेस भी काफी उथल पुथल हो गई। पूर्व सांसद एवं कांग्रेस नेता सुरेश चंदेल ने अचानक इस्तीफा देकर सबको चौंका दिया।

मंगलवार को ही उन्होंने भाजपा का दामन भी थाम लिया। उधर, हर्ष महाजन के इस्तीफे के बाद कांग्रेस सेवादल के नेता ने भी इस्तीफा दे दिया। कांग्रेस में लगी इस्तीफों की झड़ी के बीच मंगलवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी शिमला पहुंच गई हैं।

बताया जा रहा है कि प्रियंका 10 अक्तूबर तक राजधानी से सटे छराबड़ा स्थित अपने घर पर ही ठहरेंगी। वह 10 अक्तूबर को सुबह 11.30 बजे सोलन में रैली के बाद ही दिल्ली लौटेंगी। तब तक छराबड़ा में वह गिनती के नेताओं से ही मुलाकात करेंगी।

सूत्रों के अनुसार प्रियंका अपने बच्चों के साथ यहां पहुंची हैं। उनके पति राबर्ड वाड्रा नहीं आए हैं। प्रियंका चंडीगढ़ से सड़क मार्ग से होते हुए अपने घर पहुंची हैं। दिल्ली से चंडीगढ़ तक वह वायुमार्ग से आईं हैं। 10 अक्तूबर को चुनावी शंखनाद के बाद कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची भी जारी की जा सकती है।

मंगलवार सुबह के समय तीन बार के पूर्व सांसद सुरेश चंदेल ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दिया और तीन साल बाद भाजपा में फिर वापसी की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से ठीक एक दिन पहले बिलासपुर परिधि गृह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप की उपस्थिति में चंदेल भाजपा में शामिल हुए।

भाजपा में शामिल होने के बाद सुरेश चंदेल ने कहा कि तीन साल पहले कांग्रेस तो ज्वाइन कर ली थी लेकिन अभी भी उनकी आत्मा भाजपा में ही बसती है। बोले कि कांग्रेस की कार्यशैली सही नहीं है। यही कारण है कि उन्होंने घर वापसी की है। अब भाजपा को जिताने के लिए प्रयास करेंगे।

वहीं, कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष हर्ष महाजन के भाजपा का दामन थामने के बाद जिला चंबा में पार्टी पदाधिकारी और उनके समर्थक एक के बाद एक अपने पदों से इस्तीफा दे रहे हैं। अब कांग्रेस सेवादल के प्रदेश महासचिव, अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश संयोजक और पार्टी के उपाध्यक्ष विजय कुमार ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *