हिमाचल में इन सीटों पर कांग्रेस के लिए फंस गया पेच, आलाकमान लेगा अब फैसला

हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। विधानसभा चुनाव के लिए आधे से ज्यादा टिकट कांग्रेस ने लगभग तय कर दिए हैं। कुछेक सीटों पर एक एक दावेदार का नाम आलाकमान को भेजा है। लेकिन इसके बावजूद कुछेक सीटों पर दावेदारों ने पार्टी की सिरदर्दी बढ़ा दी है।

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर की ठियोग और पूर्व विधायक बंबर ठाकुर की बिलासपुर सीट से दावेदारी पर पेच फंस गया है। राज्य चुनाव कमेटी ने ठियोग विधानसभा क्षेत्र से राठौर सहित पांच और नाम पैनल में शामिल कर दिए हैं।

पूर्व विधायक बंबर ठाकुर को टिकट देने से पहले पार्टी ने इन पर अपने ही नेताओं की ओर से लगाए गए आरोपों की सत्यता जांचने का फैसला लिया है। बिलासपुर से पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा और भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व सांसद सुरेश चंदेल का नाम भेजा गया है।

इसी तरह मंडी सदर और कांगड़ा सीट से कांग्रेस ने दावेदारों का पैनल अभी तय नहीं किया है। सरकाघाट के पैनल में युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष यदोपति ठाकुर को शामिल नहीं किया गया है। यहां से पूर्व मंत्री रंगीलाराम राव और पवन ठाकुर के नाम भेजे गए हैं।

बंजार से खीमीराम शर्मा और आदित्य विक्रम सिंह में कांग्रेस प्रत्याशी बनने को मुकाबला होगा। कांग्रेस की राज्य चुनाव कमेटी ने मंडी और कांगड़ा सीट से दावेदारों का कोई पैनल नहीं बनाया है। इन दोनों विस क्षेत्रों से प्रत्याशियों के चयन के लिए हाईकमान पर फैसला छोड़ दिया है।

पूर्व मंत्री अनिल शर्मा की कांग्रेस में वापसी होने की संभावना है। ऐसे में इस सीट पर फिलहाल कोई निर्णय नहीं लिया गया है। यहां से पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर की बेटी चंपा ठाकुर भी टिकट के लिए प्रबल दावेदार है।

कांगड़ा सीट से पवन काजल के भाजपा में शामिल होने से कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ी हैं। चुनाव कमेटी की सोमवार शाम को समाप्त हुई बैठक के बाद रात को पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू की कांग्रेस में वापसी हुई है। ऐसे में इस सीट को भी राज्य चुनाव कमेटी ने पेंडिंग लिस्ट में डाल दिया है।

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर को ही ठियोग से प्रत्याशी बनाने के लिए नाम भेजने का फैसला लेने के बाद कमेटी ने दोबारा फेरबदल करते हुए चार अन्य दावेदारों को भी पैनल में शामिल कर दिया है।

यहां इनके अलावा दीपक राठौर, केहर सिंह खाची, इंदु वर्मा और अतुल शर्मा का नाम भी पैनल में जोड़ा गया है। जिला कुल्लू के बंजार से कांग्रेस में शामिल हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष खीमी राम और पूर्व मंत्री दिवंगत कर्ण सिंह के पुत्र आदित्य विक्रम सिंह में पार्टी प्रत्याशी बनने को मुकाबला होगा। इन दोनों के नाम पैनल में शामिल किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *