HIMACHAL: कांग्रेस के इस नये नेता की मुरीद हुई भाजपा, सोशल मीडिया पर कहा-तुस्सी ग्रेट हो

हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। हिमाचल में अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और आम आदमी पार्टी के उपाध्यक्ष व प्रवक्ता एसएस जोगटा ने सात अन्य पदाधिकारियों के साथ मंगलवार को कांग्रेस की सदस्यता ली।

पार्टी की सदस्यता लेने के चंद मिनट बाद जोगटा ने मीडिया से बातचीत की और कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का आभार जताया। लेकिन इस दौरान अचानक उनकी जुबान फिसल गई और उन्होंने कुछ ऐसा कह दिया जो भाजपा के लिए एक मुददा बन गया।

दरअसल गलती से एसएस जोगटा ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा को 60 और अन्य को आठ सीटें मिलेंगी। उनका यह बयान सुनकर कुछ देर के लिए कांग्रेसी भी दंग रह गए। हालांकि, अपनी इस गलती को जल्द ही सुधारते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा को तो कोई भी सीट नहीं मिलेगी। 60 सीटें कांग्रेस जीतेगी।

लेकिन अब भाजपा को 60 सीटें मिलने का बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। भाजपा के कार्यकर्ता और नेता इसे सोशल मीडिया पर शेयर कर लिख रहे हैं कि उनका बयान सही है और भाजपा ही जीत हासिल करेगी। कई कार्यकर्ताओं ने लिखा कि महाराज तुस्सी ग्रेट हो।

इससे पहले प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के समक्ष जोगटा सहित आम आदमी पार्टी के कई पदाधिकारियों ने कांग्रेस का दामन थामा। कांग्रेस अध्यक्ष ने इन नेताओं को पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। प्रतिभा सिंह ने कहा कि जोगटा कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष रहे हैं। कर्मचारियों में इनकी विशेष पहचान है।

जोगटा पहले भी कांग्रेस से जुड़े हुए थे। आज उन्होंने अपनी पुरानी पार्टी में घर वापसी की है। इनके कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को और अधिक मजबूती मिलेगी। जोगटा 2012 से से 2017 तक दिवंगत वीरभद्र सिंह की सरकार में अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *