
हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। शिमला जिले के नेरवा में झिकनीपुल पंचायत के शानग गांव में तेंदुए ने एक बच्चे पर हमला कर दिया। इस हमले में बच्चे को गंभीर चोटें लगी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस बच्चे की मां रोज सुबह शाम एक घर में गाय का दूध दोहने जाती है। बीती रात 8 बजे वह दूध दाेहने के बाद वापस अपने घर जा रही थी।
उसके साथ उसका आठ साल का बेटा प्रेम बहादुर और अन्य लोग भी थे। अभी आधे रास्ते में ही पहुंचे थे कि अचानक सड़क किनारे पहले से घात लगाकर बैठे तेंदुए ने बच्चे पर हमला कर दिया।
यह तेंदुआ बच्चे को सड़क से घसीट कर झाड़ियों में ले गया। हालांकि, लोगों ने तुरंत शोर मचाया और वे बच्चे को ढूंढने के लिए सड़क से नीचे उतर गए। लोगों को शोर मचाते और अपनी ओर आते देख तेंदुआ घबरा गया और बच्चे को घायल अवस्था में छोड़ कर भाग गया।
बच्चे के सिर और गले में गहरी चोटें आई हैं। इसे अब आईजीएमसी शिमला में भर्ती करवा दिया गया है।