हिमाचलः आज होगी सीएम की घोषणा, ये 4 नेता रेस में, मंत्री की दौड़ में ये 15 विधायक, देखें सूची

हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। हिमाचल विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद शुक्रवार को कांग्रेस अपने सीएम पद के नाम की घोषणा करने जा रही है। सीएम पद के लिए कांग्रेस में कई बड़े दावेदार है। ऐसे में नाम की घोषणा आसान नहीं होगी।

कांग्रेस ने शिमला में नए विधायकों की बैठक बुला ली है। इसमें नए सीएम के लिए कांग्रेस अध्यक्ष को अधिकृत किया जाएगा। सीएम की दावेदारी के लिए प्रचार समिति के प्रमुख सुखविंद्र सिंह सुक्खू, प्रतिभा सिंह के नाम आगे चल रहे हैं।

इनके अलावा मुकेश अग्निहोत्री भी दौड़ में है। धनीराम शांडिल के नाम पर भी चर्चा हो सकती है। मुख्यमंत्री पद की दावेदारी में कांग्रेस के दो खेमों की लड़ाई बढ़ेगी। हिमाचल में एक खेमा कांग्रेस की प्रचार समिति के प्रमुख सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में उभर चुका है।

कांग्रेस का दूसरा खेमा वह है जिसका केंद्र बिंदुष्हॉलीलॉज है। हॉलीलॉज पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह का आवास है और उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह खुद मुख्यमंत्री पद की दावेदारी में खड़ी हो चुकी हैं।

ये नेता हो सकते हैं कैबिनेट मंत्री
हिमाचल में बनने जा रही कांग्रेस सरकार के मंत्रिमंडल में कई नए चेहरे होंगे। कौल सिंह ठाकुर, रामलाल ठाकुर, आशा कुमारी, प्रकाश चौधरी और ठाकुर सिंह भरमौरी के हारने से अन्य नेताओं की लॉटरी लगने के आसार बन गए हैं।

पुराने मंत्रियों में धनीराम शांडिल, मुकेश अग्निहोत्री, सुधीर शर्मा और चंद्र कुमार ने जीत दर्ज की है। मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री के अलावा 11 मंत्री बनाए जा सकते हैं।

नादौन से विधायक बने सुखविंद्र सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री की दौड़ में शामिल हैं। सुक्खू की ताजपोशी होने से राजेंद्र राणा और आईडी लखनपाल के मंत्री बनने के आसार कम हो जाएंगे।

सुक्खू अगर मुख्यमंत्री नहीं बने तो उन्हें ही मंत्री बनाए जाने के आसार अधिक हैं। ऊना के हरोली से जीते मुकेश अग्निहोत्री भी मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं। इस दौड़ में मुकेश के पिछड़ने से इनका मंत्री पद पक्का है।

कांगड़ा से सुधीर शर्मा, चंद्रकुमार, संजय रत्न और आशीष बुटेल मंत्री पद के दावेदार होंगे। बिलासपुर से राजेश धर्माणी को मंत्री पद मिल सकता है। सिरमौर से हर्षबर्द्धन चौहान और विनय कुमार में से एक को मंत्री बनाया जा सकता है।

सोलन से धनीराम शांडिल के साथ राम कुमार चौधरी की दावेदारी भी मंत्री पद के लिए होगी। जिला कुल्लू से सुंदर सिंह ठाकुर को मौका मिल सकता है। किन्नौर से जगत सिंह नेगी भी इस बार बड़े पद के लिए दावेदारी करने को तैयार हैं।

लाहौल स्पीति से रवि ठाकुर और जिला चंबा से कुलदीप सिंह पठानिया भी मंत्री पद चाहेंगे। जिला शिमला से मंत्री बनाने के लिए पार्टी को खूब माथापच्ची करनी पड़ेगी।

यहां से विक्रमादित्य सिंह, अनिरुद्ध सिंह, रोहित ठाकुर, नंद लाल और कुलदीप सिंह राठौर में से किन्हीं दो को मंत्री पद से नवाजा जा सकता है।

जिला मंडी में नौ सीटें गंवाने वाली कांग्रेस को सिर्फ एक ही सीट पर जीत नसीब हुई है। धर्मपुर से पार्टी प्रत्याशी चंद्रशेखर ने भाजपा के कद्दावर नेता और निवर्तमान मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के पुत्र रजत ठाकुर को हराया है। कांग्रेस सरकार के नए मंत्रिमंडल में मंडी जिला को हिस्सेदारी देने के लिए चंद्रशेखर को मंत्री पद मिलने की संभावना बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *