नगर निगम चुनाव से पहले सीएम जयराम का शहर वासियों को बड़ा तोहफा

नगर निगम चुनाव से ठीक पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को शहर में लगभग 55 करोड़ रुपये की चार विकासात्मक परियोजनाओं के शिलान्यास किए।

इसमें दाड़नी का बगीचा में 19.82 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाली सब्जी मंडी, खलीनी चौक पर 9. 82 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाला फ्लाईओवर, विकासनगर के पास 7. 62 करोड़ से बनने वाला फु टओवर ब्रिज के चरण दो और तीन तथा ढली में 17.18 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले बस स्टैंड , परिवहन कार्यालय और वाणिज्यिक परिसर शामिल हैं।

  ढली में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सभी परियोजनाएं शिमला शहर के लिए मील पत्थर साबित होंगी। इससे स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को सुविधा मिलेगी।

राज्य सरकार शिमला शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के साथ इसके पुराने गौरव को दोबारा बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध है। कहा कि मौजूदा सड़कों को चौड़ा करने, पैदल पथ, पार्किंग स्लॉट बनाने और पानी की आपूर्ति में सुधार सहित पार्कों के सौंदर्यीकरण करने के प्रयास किए जा रहे हैं।  

  ढली में डबल लेन सुरंग का निर्माण शुरू हो चुका है। इससे मार्ग पर वाहनों का निर्बाध आवागमन सुनिश्चित होगा। कहा कि आजादी के बाद शिमला शहर में एक भी सुरंग का निर्माण नहीं हुआ।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने  रिज से 7.64 करोड़ रुपये के 21 अत्याधुनिक दमकल वाहनों को राज्य के विभिन्न भागों के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज भी मौजूद रहे।


जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2018 की गर्मियों में जलसंकट गहराने के बाद शिमला शहर में 70 करोड़ रुपये की चाबा जलापूर्ति योजना नौ महीने के रिकॉर्ड समय में पूरी की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला शहर के लिए 1813 करोड़ रुपये की जलापूर्ति योजना का निर्माण किया जा रहा है।  इस योजना के पूरा होने पर शहरवासियों को 24 घंटे जलापूर्ति की जाएगी।


यात्रियों की सुविधा के लिए शिमला शहर के लिए 20 और धर्मशाला शहर के लिए 15 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाई जाएंगी।

कहा कि तारादेवी में चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित किया जाएगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू होगी। रेल नेटवर्क को भी सुदृृढ़ किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *