
हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। हिमाचल के लाहौल स्पिति से बड़ी खबर आ रही है। यहां रविवार शाम चार बजे लाहौल उपमंडल के सीमा के छीका के पास हिमस्खलन हो गया। इसकी चपेट में बीआरओ के तीन मजदूर भी आ गए। ये मजदूर बर्फ में दब गए।
दो मजदूरों के शव बरामद किए गए हैं वहीं, तीसरा अभी लापता है। यह हादसा उस समय हुआ जब बीआरओ की मशीनरी व मजदूर दारचा.शिंकुला सड़क को बहाल कर रहे थे।
अचानक पहाड़ी से हिमस्खलन होने से यह मजदूर चपेट में आ गए। तीनों मजदूर बीआरओ के हैं। घटना में बीआरओ का स्नो कटर भी चपेट में आया है।
सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन, पुलिस और रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल का दौरा किया। अंधेरा होने के चलते सिर्फ दो मजदूरों के शव बरामद हो पाए जबकि तीसरे का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।
लापता तीसरे मजदूर की तलाश आज की जाएगी। जिला प्रशासन के अनुसार तापमान शून्य से नीचे और अंधेरा होने के चलते बचाव कार्य को फिलहाल रोक दिया गया है। सोमवार सुबह फिर रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया जाएगा।