
हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। हिमाचल घूमने आए पंजाब के सैलानियों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। डल्हौजी आए तीन पर्यटकों में से एक की कमरे में दम घुटने से मौत हो गई है। दूसरा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
बताया जा रहा है कि बर्फ देखने के लिए पंजाब के जालंधर से तीन पर्यटक डल्हौजी आए थे। ये यहां एक निजी होटल में ठहरे थे। होटल में दो सैलानी एक ही कमरे में सो गए। तीसरा अलग कमरे में चला गया। ठंड होने के कारण दोनों ने कमरे में कोयले की अंगीठी जला दी।
इसकी गैस से एक का दम घुट गया और इसकी मौत हो गई। सुबह जब होटल के कर्मियों ने चैकआऊट समय तक कमरा खुला नहीं पाया तो उन्होंने कमरे को खुलवाने का प्रयास किया लेकिन कमरे के अंदर से कोई आवाज नहीं आई।
होटल कर्मचारियों ने दूसरी चाबी से कमरे को खोला तो देखा कि दोनों पर्यटक अचेत अवस्था में पड़े हुए थे। दोनों पर्यटकों को नागरिक अस्पताल डल्हौजी पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने हरमिंदर पाल सिंह निवासी अजीत नगर जालंधर को मृत घोषित कर दिया।
दूसरे साथी सरबजीत सिंह को उपचार के लिए भर्ती कर लिया। इसका अब उपचार चल रहा है।