हिमाचल में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी, 6 जिलों के DC-SP समेत कई निदेशक बदलेंगे

हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। हिमाचल में दूसरे चरण का प्रशासनिक फेरबदल जल्द होने की तैयारी है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के दिल्ली से लौटते ही प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हो सकता है।

मुख्यमंत्री ने कई जिलों के उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों की नियुक्ति पर वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर ली है। बताया जा रहा है कि छह जिलों के एसपी और डीसी के तबादले जल्द हो सकते हैं।

कई विभागाध्यक्षों को भी बदला जा सकता है। इनकी जगह किनको जिम्मेदारी देनी है, इसकी सूची भी तैयार कर ली गई है। पिछली सरकार के कार्यकाल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से दूर रखे गए कई आईएएस और आईपीएस अधिकारी मुख्यमंत्री से नजदीकी बनाए हुए हैं।

कई अधिकारी डीसी और एसपी के रूप में अपनी नियुक्तियां चाह रहे हैं या फिर महत्वपूर्ण विभागों के निदेशकए निगमो.बोर्डों के प्रबंध निदेशक या अन्य पदों पर नियुक्त होना चाह रहे हैं। इनमें से कई अधिकारी तो मंत्रियों और विधायकों से भी अपनी पैरवी करवा रहे हैं।

ऐसे अधिकारी जयराम सरकार में अपनी अनदेखी का तर्क दे रहे हैं। कई अधिकारी तो खुद को सरकार के विचार से जुड़़ा होने तक की भी बात कर रहे हैं।

माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री नई दिल्ली से लौटते ही इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों की एक और बैठक लेंगे। उसमें वह डीसी और एसपी की नियुक्तियों और तबादलों पर फैसला ले सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *