हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। प्रदेश की नई कांग्रेस सरकार की पहली कैबिनेट की बैठक शुक्रवार को होने जा रही है। प्रदेश भर के लाखों कर्मचारियों के साथ साथ आम जनता की निगाहें भी इस बैठक पर टिक गई हैं।
सुक्खू सरकार की पहली कैबिनेट की बैठक के लिए एजेंडा भी तैयार कर लिया गया है। हालांकि, अभी ओपीएस को छोड़कर बाकी प्रस्तावों को सार्वजनिक नहीं किया गया है।
माना जा रहा है कि पहली बैठक में पांच प्रस्तावों पर सरकार चर्चा करने वाली है। इनमें पहला मामला ओपीएस से जुड़ा है। पहली ही बैठक में कांग्रेस ओपीएस बहाली का ऐलान करने वाली है।
इस बारे में सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी वीरवार को मीडिया में बातचीत कर साफ कर चुके है। कैबिनेट में युवाओं को एक लाख नौकरी के तोहफे का भी ऐलान होने वाला है। हालांकि, नौकरी देने को लेकर योजना बनाने की भी चर्चा है।
बैठक में महिलाओं को 1500 रुपये मासिक भत्ता देने का भी ऐलान हो सकता है। हालांकि, यह भत्ता किन महिलाओं को मिलेगा, इसमें क्या शर्तें रहेंगी, इन पर सबकी नजर है।
कैबिनेट में ग्रामीणों से महंगे रेट पर दूध खरीदने, 300 यूनिट बिजली फ्री देने को लेकर भी चर्चा होने की उम्मीद है। इसके अलावा सरकार डिनोटिफाई किए कई संस्थानों पर भी कैबिनेट में चर्चा कर सकती है।