एक क्लिक में 3 खबरेंः सीएम ने बांटे विभाग, शिकायत करने दिल्ली पहुंचे धनीराम, नरेश को बड़ा पद

हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। हिमाचल में नई सरकार के गठन के बाद विभागों का आवंटन शुरू हो गया है। अभी सीएम और डिप्टी सीएम को विभाग दिए गए हैं। मंगलवार देर रात को इस बारे में अधिसूचना जारी कर दी है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने पास वित्त, सामान्य प्रशासन, गृह, योजना और कार्मिक विभाग रखे हैं। वहीं, उप मुख्य मंत्री मुकेश अग्निहोत्री को जलशक्ति विभाग, परिवहन और भाषा कला एवं संस्कृति विभाग दिए गए हैं।

शिकायत लेकर दिल्ली पहुंच गए धनीराम शांडिल

उप मुख्यमंत्री पद न मिलने से नाराज सोलन के विधायक कर्नल धनीराम शांडिल सोनिया गांधी से मिलने दिल्ली पहुंच गए हैं। पार्टी में अनदेखी को लेकर वह सोनिया के समक्ष अपनी बात रखेंगे।

बुधवार को वह सोनिया गांधी से मिल सकते हैं और अपनी नाराजगी उनके समक्ष रखेंगे। बताया जा रहा है कि धनीराम शांडिल एक ही संसदीय क्षेत्र हमीरपुर से मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री देने से भी नाराज हैं।

शिमला संसदीय क्षेत्र में कर्नल धनीराम शांडिल सबसे वरिष्ठ नेता हैं।कर्नल धनीराम शांडिल कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य भी रहे हैं। सोलन से लगातार तीसरी बार विधायक बने हैं। इससे पहले कांग्रेस से सांसद रहे हैं। माना जाता है कि कर्नल धनीराम शांडिल सोनिया गांधी के करीबी हैं।

कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेश चौहान को बड़ा पद
कांग्रेस पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और वरिष्ठ प्रवक्ता नरेश चौहान हिमाचल प्रदेश मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान मीडिया सलाहकार होंगे। उन्हें कैबिनेट मंत्री का रैंक दिया गया है।

जुब्बल कोटखाई के मूल निवासी और शिमला में बसे नरेश चौहान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता रहे हैं और वह शिमला शहरी विधानसभा क्षेत्र से टिकट की दौड़ में भी थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *