मुख्यमंत्री की शपथ लेते ही सीएम सुखविंद्र का बड़ा ऐलान, पहली कैबिनेट में देंगे ये तोहफे

हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री की शपथ लेने के बाद सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बड़ा ऐलान कर दिया है। मी‌डिया से बातचीत में नए सीएम ने कहा कि हमने 10 गारंटियां दी हैं और हम उन्हें लागू करेंगे।

हम पारदर्शी और ईमानदार सरकार देंगे। पहली कैबिनेट बैठक में पुरानी पेंशन योजना लागू करेंगे। पहली कैबिनेट बैठक में जनता से किए गए अपने वायदों को पूरा करेंगे। पुरानी पेंशन योजना बहाल होगी। पहले लोग कहते थे कि कांग्रेस किसी भी राज्य में सत्ता में नहीं आएगी, लेकिन आज हमने भाजपा का रथ बंद कर दिया है।

इससे पहले चार बार के विधायक और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के 15वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। सुक्खू के साथ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे मुकेश अग्निहोत्री ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। शिमला के रिज मैदान पर शपथ ग्रहण समारोह हुआ।

इस मौके पर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की माता संसार देई, कांग्रेस सह प्रभारी संजय दत्त, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी मंच पर मौजूद रहे। प्रतिभा सिंह को राहुल गांधी ने मंच पर गले लगाया। छह बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे दिवंगत वीरभद्र सिंह को राहुल गांधी और बहन प्रियंका गांधी ने पुष्प अर्पित किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *