हिमाचल का CM घोषित करने के लिए बुलाई बैठक, विक्रमादित्य को बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी

हिमाचल रेडर न्यूज़ नेटवर्क। हिमाचल का मुख्यमंत्री कौन होगा इसे लेकर चुनाव पर्यवेक्षक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला शिमला के सिसिल होटल में हर विधायक से अकेले-अकेले मुलाकात कर रहे हैं।

शाम 4 बजे विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक के बाद प्रदेश के नए मुख्यमंत्री का ऐलान होने की बड़ी संभावना है।


माना जा रहा है कि पार्टी हाईकमान सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुकेश अग्निहोत्री, राजेंद्र राणा में से किसी एक को मुख्यमंत्री बना सकती है।

प्रतिभा सिंह की जगह उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह को कैबिनेट में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।

मुख्यमंत्री के साथ एक उप-मुख्यमंत्री बनाने की भी सलाह दी है। अगर हाईकमान इसपर सहमति दे देता है तो प्रतिभा सिंह की जगह किसी दूसरे को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।

ऐसी स्थिति में विक्रमादित्य सिंह को उप-मुख्यमंत्री या गृहमंत्री की जिम्मेदारी दी जा सकती है। फिलहाल शाम तक इस पर स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *