दशहरे के मौके पर पीएम मोदी ने हिमाचल की जनता को दी करोड़ों की सौगातें

हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। हिमाचल दौरे पर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश को करोड़ों रुपये की कई सौगातें दी हैँ। बुधवार को बिलासपुर से पीएम मोदी ने प्रदेश की जनता को 1471 करोड़ रुपये के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का तोहफा दिया।

पीएम ने एम्स के सी ब्लॉक से इसका उद्घाटन किया। उन्होंने लुहणू मैदान से 140 करोड़ से तैयार हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज भी प्रदेश की जनता को समर्पित किया। बिलासपुर से ही पीएम मोदी ने हिमाचल को 3652 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात दीं है।

इसमें 349.83 करोड़ रुपये के बद्दी मेडिकल डिवाइस पार्क और 1692 करोड़ से बनने वाले पिंजौर-नालागढ़ फोरलेन का प्रोजेक्ट शामिल है। इसका शिलान्यास भी किया गया। उन्होंने एम्स के सी ब्लॉक में डायग्नोस्टिक सेंटर का निरीक्षण किया और एम्स प्रबंधन से सेंटर में लगे उपकरणों की जानकारी ली।

एम्स के लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री हेलीकाप्टर से बिलासपुर के लुहणू मैदान पहुंचे। यहां उन्होंने आभार समारोह में शिरकत की और जनसभा को संबोधित किया। इसी मैदान से उन्होंने नरसिंघा बजाकर चुनावी शंखनाद भी किया।

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सांसद किशन कपूर, राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी, राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप मंच पर मौजूद रहे।बिलासपुर की बंदला धार में बने देश के दूसरे हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को जनता को समर्पित कर दिया। वर्तमान में कॉलेज में दो ट्रेड सिविल और इलेक्ट्रिकल में पढ़ाई हो रही है। अब दो और ट्रेड में जल्द ही पढ़ाई शुरू होगी।

अब इसमें मेकेनिकल और कंप्यूटर इंजीनियरिंग को भी जोड़ा जाएगा। कॉलेज में अभी दो ट्रेड में 529 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। इस कॉलेज के बनने से पहले उत्तराखंड के टिहरी में एक हाइड्रो कॉलेज की सुविधा है। इस कॉलेज में हर साल 240 बच्चों को चार ट्रेड में प्रवेश मिलेगा। यहां की लैब में आधुनिक उपकरण स्थापित करने के लिए हाल ही में साढ़े सात करोड़ का टेंडर जारी किया गया है।

कॉलेज के लोकार्पण पर बंदला कॉलेज में ही समारोह का आयोजन किया गया। सभी बच्चे, अधिकारी वर्चुअल पीएम मोदी के कार्यक्रम से जुड़े। वहीं, लुहणू में कार्यक्रम खत्म होने के बाद कॉलेज की उद्घाटन पट्टिका को बंदला ले जाया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिंजौर नालागढ़ फोरलेन मार्ग का वर्चुअल शिलान्यास किया। 30 माह में तैयार होने वाले इस मार्ग का ठेका पटेल इंफ्रा कंपनी ने लिया है। 469 करोड़ में यह फोरलेन तैयार किया जाएगा। इसके बनने से बीबीएन में लगने वाले जाम से वाहन चालकों को राहत मिलेगी। 

हिमाचल छोटा सा प्रदेश है और कांग्रेस के कार्यकाल में इसकी अहमियत बहुत छोटी सी होती थी। हिमाचल के लिए आज से पहले एम्स का मतलब दिल्ली होता था और यहां के लोगों के लिए इलाज का अंतिम पड़ाव वहीं होता था। लेकिन, प्रधानमंत्री मोदी ने पहाड़ की पीड़ा को समझा और अब हमारे लिए भी एम्स का मतलब हिमाचल ही है। बिलासपुर के लुहणू मैदान में प्रधानमंत्री मोदी के आभार समारोह में सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में अगर हमारे चार साल का कार्यकाल पूरा होता है तो पीएम मंडी आकर हमें आशीर्वाद देते हैं।

केंद्र में आठ साल पूरे होने पर फिर से देवभूमि हिमाचल आकर शिमला से देश को संबोधित किया। विजयादशमी पर देवभूमि के बिलासपुर में आशीर्वाद देने आए हैं। सीएम बोले-हम यह एहसान चुकता नहीं कर सकते। प्रदेश की जनता भी पीएम मोदी को बहुत प्यार करती है।

यह हिमाचल की जनता की भावनाएं हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि हम प्रगति की राह पर कहीं भी पहुंच जाएं, लेकिन ये चीजें हमें याद दिलाती रहेंगी। मुड़-मुड़ कर कि हम कहां पर थे और किस नेतृत्व ने हमें संबल किया। जब इन सब बातों का जिक्र आता है तो नाम एक ही है नरेंद्र मोदी।

जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाली है और इस अवधि में सरकार ने विकास के सभी क्षेत्रों में राज्य की प्रगति सुनिश्चित की है। प्रदेश की इस विकास यात्रा के दौरान केंद्र सरकार ने हर संभव सहायता और सहयोग प्रदान किया। 

प्रधानमंत्री की ओर से राज्य के  लिए 10,000 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने राज्य के लिए बल्क ड्रग फार्मा पार्क स्वीकृत करने के लिए भी प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *