चुनावी डिबेट में शुरू हो गयी मारपीट, जमकर चले लात-घूसे, बाद में चक्का जाम

हिमाचल रेडर न्यूज़ नेटवर्क। एक निजी चैनल की चुनावी डिबेट के दौरान हिमाचल के बिलासपुर शहर में वीरवार शाम 5.30 बजे कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ताओं में मारपीट हो गई।

इस दौरान जमकर लात-घूंसे चले। कांग्रेस प्रत्याशी बंबर ठाकुर ने उनके बेटे से मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं के साथ चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया।

इसके बाद शहर में कैंडल मार्च निकाला और पुलिस अधीक्षक के आवास के बाहर नारेबाजी की। वहीं, भाजपा के जिलाध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान ने कांग्रेस पर उनके चार कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया।

जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम को बस अड्डा बिलासपुर के पास एक भवन की छत पर एक निजी समाचार चैनल की ओर से चुनावी डिबेट करवाई जा रही थी। इसी बीच दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं नारेबाजी करने लगे।

थोड़ी ही देर में यह नारेबाजी मारपीट में तब्दील हो गई। काफी देर तक चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर दोनो पार्टियों के कार्यकर्ता में लात-घूंसे चले। घटना के थोड़ी देर बाद बंबर ठाकुर मौके पर पहुंचे।

उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बेटे हरीश के इशारे पर मारपीट करवाने के आरोप लगाए और कार्यकर्ताओं के साथ हाईवे पर बैठ गए। देखते ही देखते हाईवे पर जाम लग गया।

डीएसपी मुख्यालय राजकुमार और एडीसी बिलासपुर अनुराग चंद्र भी मौके पहुंचे। उन्होंने बंबर ठाकुर से बात की। काफी देर तक समझाने के बाद बंबर ठाकुर हाईवे से उठे।

इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ शहर में कैंडल मार्च निकाला और इसके बाद पुलिस अधीक्षक के बाहर पहुंचे कर काफी देर तक नारेबाजी की। खबर लिखे जाने तक 9.15 बजे तक कांग्रेस कार्यकर्ता वहीं डटे हुए थे।

बंबर ठाकुर के हाईवे को जाम करने के बाद लोगों को परेशान होना पड़ा। करीब 45 मिनट तक चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग ठप रहा।

हालांकि पुलिस ने यातायात को वेटनरी अस्पताल से कोर्ट रोड होते हुए कॉलेज के लिए डायवर्ट किया, लेकिन भारी यातायात होने के चलते इस मार्ग पर भी बीच-बीच जाम लगता रहा। जिससे वाहन सवार लोगों को परेशान होना पड़ा।


कांग्रेस प्रत्याशी बंबर ठाकुर ने कहा कि उनके छोटे बेटे को कार से निकाल कर पीटा गया। यह सब हरीश नड्डा के भेजे गए गुंडों ने किया है। उन गुंडों के चंगुल से उसके बेटे को स्थानीय लोगों ने बचाया। हालांकि हरीश नड्डा ने इन आरोपों से इंकार कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *