प्रियंका की चुनावी हुंकार, सत्ता में आते ही सबसे पहले लेंगे ये दो बड़े फैसले

हिमाचल रेडर न्यूज़ नेटवर्क। कांग्रेस कमेटी महासचिव प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को सोलन के ठोडो मैदान परिवर्तन प्रतिज्ञा महारैली में बड़ा एलान कर दिया।

प्रियंका ने प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही पहली मंत्रिमंडल की बैठक में एक लाख नौकरियां देने और पुरानी पेंशन बहाली का फैसला लेने का एलान किया।

भाजपा के रिवाज बदलने के नारे पर पलटवार करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के उज्ज्वल हिमाचल बनाने के सपने को तोड़कर भाजपा ने रिवाज बदल दिया है। उन्होंने जनता से बीते पांच वर्षों में हुए कार्यों की समीक्षा करने के बाद ही वोट देने का आग्रह किया है।

प्रियंका गांधी ने कांग्रेस की दस गारंटियों का जिक्र करते हुए कहा कि हम खोखले और चुनावी वादे नहीं करते हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने जिस नीयत के साथ 1971 में हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया, उसे पूर्व मुख्यमंत्रियों डॉ. यशवंत सिंह परमार, ठाकुर रामलाल और वीरभद्र सिंह ने पूरा किया।

जयराम सरकार ने विकास कार्यों को ठप कर जनता के साथ धोखा किया है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि आज सोलन में कोई चुनावी रैली नहीं है। यह सोचने का समय है। प्रदेश के भविष्य को बनाने का समय है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *