
हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। कांग्रेस के लिए शिमला सीट हॉट सीट बन गई है। यहां एक बार फिर पार्टी में बगावत के सुर फूटने लगे है। पार्टी की ओर से कई दावेदार टिकट के लिए इंतजार कर रहे है। वहीं, इनके समर्थक भी बेसब्री से प्रचार के लिए तैयार है।
सूत्रों के अनुसार पार्टी आलाकमान के सामने यहां छह से ज्यादा बड़े चेहरे दावेदार है। इनमें हरीश जनारथा, यशवंत छाजटा, नरेश चौहान, जितेंद्र चौधरी, महेश्वर सिंह, हर्ष महाजन बड़े दावेदार है। दिल्ली में हाल ही में हुई बैठक में छाजटा का नाम आगे होने से दूसरे गुटों में तनातनी बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि दिल्ली की बैठक के बाद जनारथा गुट के कई समर्थक हॉलीलाज जाकर विक्रमादित्य सिंह से भी मिले है। इन्होंने दो टूक कह दिया है कि विनिंग उम्मीदवार सिर्फ जनारथा ही है। शहर में सर्वे में भी इनका नाम आगे है। ऐसे में इन्हें टिकट दिया जाए। ऐसा न हुआ तो बगावत हो सकती है।
हालांकि, दूसरे दावेदार भी कम नहीं है। लेकिन अभी ये पार्टी के संकेतों का इंतजार कर रहे है। देखना है कि इस सीट पर कैसे कांग्रेस सभी को साथ लेकर एक उम्मीदवार का नाम तय करती है।