सीएम के सामने जनसभा में आमने सामने हुए अनुराग-महेंद्र सिंह, कार्यकर्ता भी रह गए दंग

हिमाचल रेडर न्यूज़ नेटवर्क। चुनावी साल में हिमाचल में कांग्रेस के बाद अब भाजपा में भी सियासत गरमा गई है। हिमाचल के मंडी के धर्मपुर में वीरवार को हुई जनसभा में जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर आमने-सामने हो गए।

दोनों नेताओं का आमना सामना देख कार्यकर्ता भी दंग रह गए। सीएम जयराम ठाकुर सामने जनसभा को संबोधित करते महेंद्र सिंह ने अनुराग ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा कि धर्मपुर के विकास के लिए हर केंद्रीय मंत्री की तिजोरी की चाबी उन्होंने ढूंढी ली, लेकिन वह अनुराग ठाकुर की तिजोरी की चाबी नहीं ढूंढ पाए।

इस पर अनुराग ने भी महेंद्र सिंह को जवाब दिया कि विकास के लिए जो भी आया, वह दिल्ली से ही आया। बाद में जनसभा के दौरान महेंद्र और अनुराग ने एक-दूसरे की तारीफों के पुल भी बांधे।

महेंद्र ने कहा कि देश और प्रदेश का विकास भाजपा के नेतृत्व से ही संभव हो सका है। अनुराग ने कहा कि धर्मपुर के विकास के लिए जो आया वह सब दिल्ली से ही आया है। दो केंद्रीय विद्यालय दिल्ली से ही मिले हैं। धर्मपुर के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

उन्होंने महेंद्र सिंह की भी सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने यहां वह कर दिखाया, जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। धर्मपुर विस क्षेत्र में विकास के लिए अब बचा ही क्या है। उन्होंने कहा कि धर्मपुर क्षेत्र में खेल मैदानों और स्टेडियमों के निर्माण के लिए पर्याप्त धनराशि प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी जिले के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान सिद्धपुर और चोलथरा में लगभग 980 करोड़ रुपये की 92 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *