घर पर आई बहन की बारात, भाई ने जश्न में निकाल दी बंदूक, गोली लगने से चाचा की मौत

हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। हिमाचल के कांगड़ा से दर्दनाक खबर आ रही है। यहां शादी का जश्न चंद दिन में ही मातम में बदल गया है। कांगड़ा के देहरा के परागपुर के साथ लगते गांव लग बलियाणा में शादी के दौरान हुई फायरिंग में घायल हुए लड़की के चाचा की मौत हो गई है।

जानकारी के अनुसार 26 जून सोमवार रात करीब नौ बजे बलियाणा में लड़की की शादी की बरात पहुंची थी। घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित सराय के पास शादी समारोह कि रस्म मिलनी का कार्यक्रम चल रहा था।

इसी बीच दुल्हन का 19 साल का भाई अपने पिता की लाइसेंसी सिंगल बैरल बंदूक लाकर जश्न मनाने के लिए हवाई फायर करने लगा। इस दौरान वह डंगे पर खड़ा था।

उसने दूसरा राउंड फायर करने के लिए कारतूस भरा। अचानक उसका पांव फिसल गया और गलती से ट्रिगर दब गया। बंदूक से निकले छर्रे पास खड़े पिता के चचेरे भाई यानि युवक के चाचा के कंधे में जा लगे।

उसे गंभीर हालत में देहरा स्थित सिविल अस्पताल ले गए। वहां से टांडा मेडिकल कालेज कांगड़ा और फिर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था। दो जुलाई शनिवार रात को चाचा की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *