
हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। हिमाचल के जिला सिरमौर के एक जवान को घर लौटते वक्त कुछ लुटेरों ने लूट लिया। घटना सोमवार देर रात की है। पच्छाद क्षेत्र का 25 साल का यह जवान सचिन शर्मा जम्मू कश्मीर में सेना में तैनात है।
यह सोमवार देर रात एक माह की छुटटी पर घर लौट रहा था। जालंधर जम्मू रेल मार्ग पर टांडा के बाद देर रात कुछ लुटेरों ने रेल में उसे घेर लिया। ये सामान चेक कर रहे थे तो जवान ने इनसे पूछताछ की।
इस पर बहसबाजी शुरू हो गई। एक लुटेरे ने सचिन के सिर पर किसी चीज से वार किया। इससे वह बेहोश हो गया। लुटेरे वर्दी और सामान लेकर फरार हो गए। इसे चलती गाड़ी से बाहर पटरी पर फेंक दिया।
इससे जवान को चोटें आई है। किसी तरह जवान पटरी के साथ एक गांव की गौशाला के पास पहुंचा। यहां स्थानीय लोगों ने इसे अस्पताल पहुंचाया। यहां इसका उपचार चल रहा है। इसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए है।
