JOA IT भर्ती: चयन आयोग से पेपर चुराए, फिर लाखों रुपये में बेच दिए, आखिर पकड़े गए मां-बेटा

हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग की 25 दिसंबर को होने वाली पोस्ट कोड 965 जेओए आईटी भर्ती की लिखित परीक्षा रदद कर दी गई है।

इस परीक्षा का पेपर शुक्रवार को ही लीक हो गया। पेपर लीक करने के पीछे एक महिला का हाथ सामने आया है। यह महिला खुद चयन आयोग की गोपनीय शाखा में वरिष्ठ सहायक के पद पर तैनात है।

बताया जा रहा है कि इसी ने पेपर लीक करवाकर पूरा खेल रचा था। इस मामले में इसका बेटा भी शामिल था। बड़ी बात ये है कि बेटा भी 25 दिसंबर को परीक्षा देने जा रहा था।

विजिलेस ने महिला और उसके बेटे समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आयोग ने परीक्षा भी रद्द कर दी है।

अन्य गिरफ्तार आरोपियों में महिला का बेटा निखिल, दलाल संजय उर्फ संजीव, दो अभ्यर्थी और महिला कर्मी के घर पर काम करने वाला नौकर शामिल है। मामले में महिला कर्मचारी और दलाल की मिलीभगत सामने आई है।

ऐसे रचा गया था खेल

बताया जा रहा है कि दलाल ने एक अभ्यर्थी से प्रश्नपत्र मुहैया करवाने के बदले ढाई लाख रुपये मांगे। दलाल ने पैसे लेकर महिला कर्मचारी को दिए। दलाल अभ्यर्थी को महिला कर्मचारी से मिलवाने उसके घर ले गया। इससे पहले अभ्यर्थी ने विजिलेंस को इसकी शिकायत कर दी थी।

आरोपी विजिलेंस के बिछाए जाल में वह फंस गए। शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हमीरपुर विजिलेंस की टीम ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

इससे पहले महिला कर्मचारी घुमारवीं के एसडीएम के पास परीक्षा के लिए पेपर पहुंचाकर वापस घर आ गई थी। घर पहुंचते ही विजिलेंस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

महिला कर्मचारी के घर से ढाई लाख रुपये नकद, जेओए आईटी का हल किया हुआ पेपर और कुछ अन्य रिकॉर्ड कब्जे में लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *