
हिमाचल रेडर न्यूज़ नेटवर्क। हिमाचल के हमीरपुर से बड़ी खबर आ रही है। यहां उपमंडल भोरंज में पति-पत्नी ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली है।
पुलिस के अनुसार मृतक प्रीति पत्नी विनोद कुमार व विनोद कुमार तहसील भोरंज जिला हमीरपुर के रहने वाले थे। विनोद कुमार राज्य बिजली बोर्ड में टीमेट के पद पर सेवारत था।
विनोद और प्रीति की शादी को अभी करीब एक साल हुआ था। दोनों ने बुधवार रात को किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई।
परिजनों को जब दोनों के जहरीला पदार्थ निगलने की बात का पता चला तो वे उन्हें सिविल अस्पताल भोरंज ले गए।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर कर दिया। हमीरपुर मेडिकल कालेज में उनकी नाजुक हालत को देखकर बेहतर उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया।
जहां गुरुवार देर रात दोनों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने पति-पत्नी के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। दोनों ने किस कारण आत्महत्या की इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है।