ब्रेकिंगः दिन दहाड़े कांग्रेस कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या, भतीजा अस्पताल में भर्ती

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री भी क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचे

हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। हिमाचल के हरोली से बड़ी खबर आ रही है। यहां सोमवार देर शाम अज्ञात हमलावरों ने कांग्रेस कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हिमाचल-पंजाब सीमा पर हरोली उपमंडल के दुलैहड़ में यह वारदात हुई है।

कांग्रेस कार्यकर्ता एवं व्यवसायी का भतीजा भी घायल हो गया है। फिलहाल सीमा को सील कर वाहनों को खंगाला जा रहा है। पुलिस के अनुसार कांग्रेस कार्यकर्ता दुलैहड़ निवासी रविंद्र कुमार स्टेडियम में मौजूद था। इसी बीच अचानक वाहन सवार अज्ञात हमलावरों ने उन पर दो गोलियां दाग दीं।

एक गोली रविंद्र के सीने में जा लगी। रविंद्र के साथ खड़े उनके भतीजे ने हमलावरों पर पत्थरों से हमला किया। जवाब में हमलावरों ने भी उस पर किसी चीज से हमला कर दिया। इससे वह भी घायल हो गया है।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने रविंद्र और केशव को दुलैहड़ अस्पताल पहुंचाया। यहां से रविंद्र को क्षेत्रीय अस्पताल रेफर कर दिया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। केशव का उपचार दुलैहड़ अस्पताल में ही चल रहा है।

मीडिया से बातचीत में पुलिस अधीक्षक ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने कहा कि फरार हमलावरों की तलाश की जा रही है। हत्या क्यों की गई, इस बारे में अभी कोई खुलासा नहीं हो पाया है। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री भी क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *