सिरमौर में दर्दनाक हादसाः झोंपड़ी में भड़की आग, पति के सामने जिंदा जल गई महिला

हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। हिमाचल के सिरमौर से दर्दनाक खबर आ रही है। यहां राजगढ़ की ग्राम पंचायत दाहन के रुग गांव में एक झोंपड़ी में आग लगने से एक महिला जिंदा जल गई है।

आग की चपेट में आने से 7 बकरियों की भी मौत हो गई। हादसा वीरवार रात पेश आया है। बताया जा रहा है कि गांव के एक व्यक्ति ने गर्मी के मौसम में अपने घोड़ों और बकरियों के लिए साथ लगते जंगल में लकड़ी और घास से एक अस्थायी झोंपड़ी बनाई थी।

झोंपड़ी की छत पर बारिश से बचने के लिए प्लास्टिक की तिरपाल डाली गई थी। यहां देवेंद्र सिंह और उसकी पत्नी कभी कभी इसी झोंपड़ी में रहते थे। वीरवार देर रात देवेंद्र सिंह की पत्नी लोहे की एक अंगीठी में आग सेंक रही थी।

आग सेंकते समय अंगीठी पर लगा ढक्कन खोल दिया। ढक्कन उठाते ही एकदम आग की लपटें निकलीं और घास से बनी झोंपड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग चारों तरफ फैल गई।

झोंपड़ी के अंदर बंधा घोड़ा रस्सी तोड़ कर बाहर निकल गया जबकि महिला झोपड़ी के अंदर फंस गई। जिस समय आग लगी देवेंद्र झोंपड़ी के बाहर था। आग देख कर उसने अपनी पत्नी को बचाने का अथक प्रयास किया लेकिन झोंपड़ी के अंदर आग पूरी तरह से फैल चुकी थी।

आग की ऊंची ऊंची लपटें उठ रही थीं। इस कारण देवेंद्र सिंह झोपड़ी के अंदर नहीं जा पाया और उसकी पत्नी उसकी आंखों के सामने जिंदा जल गई। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग सहायता के लिए मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक महिला झोंपड़ी के अंदर पूरी तरह झुलस कर अपनी जान गंवा चुकी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *