
हिमाचल रेडर न्यूज़ नेटवर्क। हिमाचल प्रदेश में मई में मौसम ने कई रिकॉर्ड तोड़े। इस बार मई में सामान्य से 84 फीसदी अधिक बारिश हुई। वर्ष 2004 के बाद तीसरी बार मई में सामान्य से अधिक बारिश हुई। मई में छह बार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार मई में शिमला और भुंतर में पिछले 30 वर्षों में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई।
वहीं, सोलन में 157.3 मिलीमीटर और कांगड़ा में 189.8 मिलीमीटर सबसे अधिक मासिक वर्षा दर्ज की गई। वहीं, धर्मशाला में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम के बिगड़े मिजाज के चलते इस बार जून में भी दिसंबर जैसी ठंड महसूस हो रही। अभी तक भी लोगों के गर्म कपड़े नहीं उतरे हैं।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई भागों में 6 जून तक मौसम खराब रहने के आसार जताए हैं। इस दौरान कुछ भागों में बारिश व ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। 4 व 5 जून को मैदानी भागों में मौसम साफ रहने के आसार हैं।
