
हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। हिमाचल के मंडी में शिकार करने आया तेंदुआ खुद शिकार हो गया। दरअसल करसोग के केलोधार के पास पेंदों गांव में शनिवार देर रात पालतु कुत्ते का शिकार करने आया एक तेंदुआ मकान में घुस गया।
घर के लोगों को जैसे ही इस बात का पता चला, उन्होंने कमरे का दरवाजा बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी। मकान मालिक सोमकृष्ण ने बताया कि जिस समय तेंदुआ घर के स्टोर में घुसा उस समय घर पर उनका बेटा ही था।
बेटे ने उन्हें बताया कि गोशाला स्टोर में कुत्ते घुस आए हैं लेकिन जब बाद में ऊपर की मंजिल के लकड़ी के फर्श के बीच से देखा तो हैरान रह गए। यहां खूंखार तंेदुआ पहुंचा था।
बाद में इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। रविवार करीब चार बजे तेंदुए को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू हुआ और दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को बेहोश कर घर से बाहर निकालकर पिंजरे में कैद किया गया।