
हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। हिमाचल के साढ़े 19 लाख राशनकार्ड धारक परिवारों को सुक्खू सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। इनका राशन का कोटा बढ़ा दिया गया है। अब इन्हें पहले से ज्यादा राशन मिलेगा।
जानकारी के अनुसार उपभोक्ताओं को इसी महीने से ही राशन डिपुओं में 15 किलो आटा और 8 किलो चावल मिलेगा। कई साल बाद इतना राशन कोटा दिया जा रहा है।
इससे पहले उपभोक्ताओं को 7 किलो तक चावल और 13 किलो तक आटा प्रति राशनकार्ड दिया जाता रहा है। हालांकि, बाकी दालों और तेल के कोटे में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
माना जा रहा है कि प्रदेश में सरकार की ओर से फर्जी राशनकार्ड बंद करने को लेकर चलाई जा रही मुहिम का असर दिख रहा है। दावा किया जा रहा है कि जब हजारों फर्जी राशनकार्ड पकड़े जाएंगे, उसके बाद यह कोटा और बढ़ सकता है।
इससे हिमाचल के लाखों परिवारों को राहत मिलेगा। बताया जा रहा है कि जांच में हजारों लोग ऐसे पाए गए हैं जिनकी राशनकार्ड में डबल एंट्री हुई है। पंचायतों और डिपो से इन लोगों का रिकॉर्ड मांगा जा रहा है।