हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। हिमाचल में सुक्खू सरकार के मंत्रिमंडल की बैठक 16 फरवरी यानि वीरवार को होने जा रही है। दोपहर 12 बजे राज्य सचिवालय में होने वाली इस बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर फैसला आ सकता है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में होने जा रही मंत्रिमंडल की बैठक में 1 लाख नौकरियां देने को लेकर अहम फैसला लिया जा सकता है। बीती कैबिनेट में इस बारे में कमेटी का गठन किया गया था।
अब इस बार यह कमेटी अपनी रिपोर्ट सरकार को दे सकती है। सरकार पहले चरण में कुछेक विभागों में नौकरियों का पिटारा खोल सकती है। माना जा रहा है कि शिक्षा विभाग से भर्तियों की शुरूआत हो सकती है।
यहां हजारों खाली पद है। कैबिनेट में इस बार शिक्षकों के तबादले की नीति पर भी चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा लोगों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और महिलाओं को प्रति माह 1500 रुपये देने जैसे अहम फैसले लिए जा सकते हैं।
बैठक में कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से होने वाली भर्तियों को लेकर भी चर्चा होने की उम्मीद है। इसे जल्द बहाल किए जाने की तैयारी भी चल रही है।