
हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। हिमाचल के कुल्लू जिले में भारी बारिश से हुई तबाही अब सामने आने लगी है। यहां मनाली में ब्यास में आई बाढ़ में बही पंजाब रोडवेज की बस के नीचे तीन शव बरामद हुए हैं।
मंगलवार को प्रशासन की टीम ने बाढ़ में बही बस को बीच नदी से निकलने का कार्य शुरू किया। नदी के पानी का रुख मोड़कर दो जेसीबी से बस को निकाला जा रहा है।
इस दौरान बस के नीचे से दादा और मां बेटी के शव बरामद किए गए हैं। मृतकों में 32 साल की परवीन, उसकी पांच साल की बेटी अलवीर और अब्दुल शामिल हैं। बस के नीचे कई और शव दबे होने की आशंका है।
24 दिन से एक ही परिवार के 11 लोग लापता थे। इनमें से अभी तीन के शव मिले हैं। 9 और 10 जुलाई को आई प्रलयकारी बाढ़ में कई वाहन बह गए थे। कई वाहनों का अभी तक सुराग भी नहीं मिल पाया है।
इस बाढ़ में पंजाब रोडवेज की बस भी बह गई थी। क्लाथ के समीप यह बस एक बड़े पत्थर में फंसी हुई है। इस बस में अयोध्या के एक ही परिवार के 11 लोग यात्रा कर रहे थे।