हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। हिमाचल में मई के महीने में आमतौर पर लू सताती है। लेकिन आजकल लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी ने ठंड का रिकार्ड तोड़ दिया है। हिमाचल में 36 साल बाद मई में ठंड फिर लौटकर आई है।
कई क्षेत्रों में न्यूनतम पारा माइनस में चल रहा है। वर्ष 1987 के बाद शिमला, मनाली, कल्पा, धर्मशाला, ऊना और पालमपुर का इस वर्ष सबसे कम अधिकतम और न्यूनतम पारा दर्ज हुआ है।
1988 से 2022 के दौरान मई में तापमान अधिक दर्ज हुआ है, लेकिन इस वर्ष पश्चिमी विक्षोभ के अधिक सक्रिय होने से मई में भी कई क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड है।
पहाड़ों पर बर्फबारी और अन्य क्षेत्रों में रोजाना बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। प्रदेश में इस वर्ष अधिकतम तापमान आठ से 36 डिग्री के बीच रहा है।
हिमाचल प्रदेश के सभी क्षेत्रों में गुरुवार और शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा। 13 और 14 मई को कुछ क्षेत्रों में बारिश के अलावा अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। 12 मई की रात से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम बदलने का पूर्वानुमान है।