
हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। मासूम बच्चों पर सौतेली मां की बर्बरता की कहानियां आपने अभी तक टीवी शो या किसी फिल्म में ही देखी होगी। लेकिन एक ऐसी घटना अपने हिमाचल में घटी है जिसने सबको शर्मसार कर दिया है।
आप भी इस घटना को जानने के बाद दंग रह जाएंगे। यह घटना कांगड़ा के नूरपुर हलके की लोहारपुरा पंचायत की है। यहां एक महिला ने अपनी सौतेली बेटी के साथ जो काम किया, उससे पूरी पंचायत शर्मसार हो गई है।
आईए आपको पूरी बात बताते हैं। दरअसल वासा गांव की एक महिला ने अपनी पांच साल की मासूम बच्ची पर उबलता पानी फेंक दिया। इसके बाद भी इस कलयुगी मां का जी नहीं भरा।
बेटी को अस्पताल ले जाने की जगह घर पर ही मरहम पटटी लगाने का नाटक करती रही। हद तो तब हो गई जब बेटी से छुटकारा पाने के लिए यह इसे जंगल ले गई और सुनसान जगह पर छोड़ आई।
गांव की एक अन्य महिला घास के लिए जंगल गई तो इस बच्ची को वहां देखकर हैरान रह गई। बच्ची के शरीर पर उबले पानी से झुलसने के निशान थे। महिला ने इस बारे में पंचायत के बाकी लोगों को सूचना दी।
पता चलते ही पंचायत में कोहराम मच गया। बच्ची को अस्पताल ले जाया गया। यहां अब इसका उपचार चल रहा है। पुलिस मे मामला पहुंचते ही महिला को दबोच लिया गया। इसने भी पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
हालांकि, इसने यह सब क्यों किया, इस बारे में पूछताछ चल रही है। बहरहाल जो भी हो, हिमाचल में इस तरह की घटना सबको शर्मसार कर देगी। एक ओर हम बेटी है अनमोल के नारे लगाते हैं तो दूसरी ओर कई जगह इस तरह की घटनाएं सामने आ रही है।
हिमाचल की ताजा तरीन खबरों के लिए नीचे दिए आप्शन पर क्लिक कर हमारा फेसबुक पेज लाइक करना न भूलें।
