हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। शिमला दौरे पर आई प्रियंका गांधी शनिवार शाम पार्टी कार्यालय पहुंची और मुख्यमंत्री समेत पार्टी नेताओं से बात की। प्रियंका के पार्टी कार्यालय पहुंचने की सूचना मिलने के बाद नगर निगम की नवनिर्वाचित महिला पार्षद भी कांग्रेस मुख्यालय पहुंच गई।
यहां मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सभी नव निर्वाचित पार्षदों का परिचय करवाया। इसी दौरान महिला पार्षद प्रियंका को घेरकर खड़ी हो गई और नगर निगम के महापौर और उप महापौर पद पर दावेदारी जता दी।
पार्षद सिमी नंदा, सुषमा कुठियाला, उमंग बंगा, अनिता शर्मा, विशाखा मोदी, मोनिका ठाकुर, शांता वर्मा ने प्रिंयका से बात की। पार्षद सिमी नंदा और सुषमा कुठियाला ने कहा कि सदन में इस बार 21 महिलाएं पहुंचीं हैं।
ऐसे में मेयर और डिप्टी मेयर के पद पर उनका हक भी बनता है। महिला पार्षदों की बात सुनने के बाद प्रियंका ने पहले तो सभी को बधाई दी, फिर सीएम सुक्खू की ओर देखा और कहा कि मुख्यमंत्री जी, आधी आबादी अपना हक मांग रही हैं, इनका ध्यान रखिए। इसके बाद प्रियंका रिज मैदान के लिए रवाना हो गई।
गौरतलब है कि मेयर और डिप्टी मेयर चुनने के लिए रविवार शाम ओकओवर में सभी कांग्रेसी पार्षदों की बैठक होने जा रही है। आज शाम ही मेयर और डिप्टी मेयर के नामों पर फैसला हो जाएगा।