शाबाशः 12वीं में दर्जी की बेटी नेहा की मेहनत लाई रंग, दीवांक्षी ने भी किया कमाल, पढ़िए पूरी कहानी

हिमाचल रेडर न्यूज नेटवर्क। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 12वीं का रिजल्ट घोषित कर दिया है। इसमें कई बेटियों ने टॉप किया है। लेकिन कुछ बेटियां ऐसी भी हैं जिन्होंने संसाधनों और तमाम परेशानियों को मात देकर टॉप किया है।

चंबा की बेटी नेहा ने भी मैरिट में जगह पाई है। दर्जी की बेटी नेहा ने जमा दो कला संकाय में 96.06 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश भर में छठा पायदान हासिल किया है।

नेहा कुमारी ने अपने माता पिता के कंधे मेहनत से और ऊंचे कर दिए हैं। चंबा जिले की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरौर में शिक्षारत नेहा ने अपनी सफलता का श्रेय माता पिता और गुरुजनों को दिया है।

ग्राम पंचायत पल्यूर के गांव धरापड़ा निवासी नेहा कुमारी ने बताया कि उसके पिता सुरेश कुमार दर्जी का कार्य कर परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं जबकि उनकी माता कांतो देवी गृहिणी हैं।

उनका बड़ा भाई हितेन कुमार तकनीकी शिक्षा अर्जित कर रहा है। पिता की मेहनत को साकार करने के लिए उन्होंने भी जी जान से मेहनत कर ये मुकाम हासिल किया। उनका लक्ष्य आईएएस परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रशासनिक सेवाओं में जाने का है।

मां ने रातों को जागकर पढ़ाया, अब रंग लाई मेहनत, 7 वर्षों से पिता योगराज है बीमार
चंबा के चमेश्वनी मोहल्ला की दीवांक्षी ने हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड में जमा दो कक्षा के कला संकाय में 95.6 प्रतिशत अंक लेकर प्रदेश भर में नौवां स्थान हासिल किया है।

दीवांक्षी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है। आदर्श राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा की छात्रा दीवांक्षी ने बताया कि माता-पिता और गुरुजनों ने उन पर जो विश्वास रखा। उसे हासिल कर वह प्रभुलित हो उठी हैं।

दीवांक्षी ने बताया कि उनके पिता योगराज बीते सात वर्षों से बीमार हैं। जिस कारण घर की आर्थिक हालत दयनीय रही लेकिन माता आशा देवी ने बेटी को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उसने बताया कि परीक्षाओं की तैयारियों के लिए मां ने रात-रात भर जाग कर उसे पढ़ाया और बुलंदियों को छूने के लिए प्रेरित किया। उसका लक्ष्य प्रशासनिक सेवाओं में जाने का है। दीवांक्षी ने बताया कि एचएएस बनने की तैयारी में वह जुट चुकी हैं।

SOURCE-amarujala.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *