
हिमाचल रेडर न्यूज़ नेटवर्क। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की अध्यक्ष और सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह फिलहाल टाल दिया गया है। यह समारोह वीरवार सुबह 8:30 बजे होना था लेकिन अचानक ऐन मौके पर इसे टाल दिया गया है।
ऐसा क्यों हुआ इस पर सरकार की ओर से अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है। सचिवालय के अधिकारी भी इस बारे में जानकारी नहीं होने की बात कह रहे हैं।
कई लोग सुबह ही राजभवन जाकर समारोह का हिस्सा बनने की तैयारी कर रहे थे। उन्हें निराशा हाथ लगी है। वहीं कई लोग तो राज भवन पहुंच भी गए थे। अब यह वापस लौट आए हैं।
सरकार ने डॉ. रचना गुप्ता को हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग का अध्यक्ष पर नियुक्त किया है। वर्तमान में वह लोक सेवा आयोग की सदस्य हैं। यह नियुक्ति आगामी छह साल या 62 वर्ष की आयु पूरी तक प्रभावी रहेगी।
सरकार ने आईएएस अधिकारी राकेश शर्मा, कर्नल राजेश कुमार शर्मा(सेवानिवृत) और प्रोफेसर ओम प्रकाश शर्मा को आयोग का सदस्य बनाया है। इनकी नियुक्ति भी छह साल के लिए की है।