
हिमाचल रेडर न्यूज़ नेटवर्क। हिमाचल के जिला मंडी की चांबी पंचायत में शुक्रवार रात कार हादसे ने तीन बेटियों के सिर से पिता का साया छीन लिया।
ज्वाला गांव के मनोज कुमार दोस्त के साथ उसकी कार में शुक्रवार दोपहर जयदेवी की तरफ गए थे। रात करीब 12 बजे वे घर लौट रहे थे। टेक चंद की आल्टो कार को मनोज ही चला रहा था।
जब वह घर के निकट पहुंचे तो मनोज कार को मोड़ने लगा। इसी दौरान मोड़ काटते समय वह नियंत्रण खो बैठा और कार खाई में जा गिरी।
कार के ढांक में गिरने से हुई आवाज से आसपास के ग्रामीण जाग गए और वे घटनास्थल की ओर भागे। खाई में उतरे तो कार में दो लोगों को गंभीर अवस्था में पाया।
दोनों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान मनोज कुमार की मौत हो गई।
हादसे में टेकचंद गंभीर रूप से घायल है। बताया जा रहा है कि परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेवारी मनोज पर थी।
मनोज की तीन छोटी-छोटी बेटियां है। बीपीएल परिवार से संबंधित मनोज के घर में अब बूढ़ी मां और पत्नी पर तीन बेटियों के लालन-पालन की जिम्मेदारी आ गई है।
परिवार के पास अब आमदनी का कोई रास्ता नहीं है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मनोज के परिवार की हालत को देखते हुए उन्हें हरसंभव आर्थिक सहायता दी जाए।